किच्छा। अंबेडकर पार्क में विभिन्न मांगों को लेकर धरना दे रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने धरना स्थल पर पहुंचकर मुलाकात की। उन्होंने कार्यकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता संगठन उत्तराखंड की ब्लॉक अध्यक्ष मुन्नी ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अपनी प्रमुख मांगें उनके समक्ष रखीं। उन्होंने बताया कि लंबे समय से मानदेय वृद्धि की मांग की जा रही है, जिसमें प्रतिदिन ₹140 की बढ़ोतरी जरूरी है। इसके अलावा सेवानिवृत्ति पर बिना अतिरिक्त अहर्ता ₹10 लाख की सहायता, प्रस्तावित ₹300 की कटौती को निरस्त करने और बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली से बाहर रखने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। कार्यकर्ताओं ने इन मांगों का विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मांगों को न्यायोचित बताते हुए आश्वासन दिया कि वे इन मुद्दों को राज्य सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समाज की बुनियादी संरचना को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाती हैं, इसलिए उनके हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वे शीघ्र ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस विषय पर चर्चा करेंगे और कार्यकर्ताओं की मांगों को प्राथमिकता के साथ उठाएंगे। साथ ही उन्होंने कर्मचारियों के हितों की रक्षा को अपनी जिम्मेदारी बताते हुए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिया।
धरना स्थल पर मुन्नी ठाकुर, कुसुम लता, धना देवी, शशि बिष्ट, गीता देवी, हेमा, मंजू, नीतू, गीता पाठक, माया, हंसा सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं। वहीं पार्टी पदाधिकारियों में गोल्डी गोराया, पूरन भट, मुकेश कोली, नितिन वाल्मीकि, संदीप अरोड़ा और मूलचंद राठौर भी उपस्थित रहे।

Posted inKichha News