पंतनगर:- पंडित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में शिक्षकों, कर्मचारियों, श्रमिकों एवं ठेका कर्मियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर पूर्व विधायक एवं विश्वविद्यालय प्रबंध परिषद सदस्य राजेश शुक्ला ने कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की।
राजेश शुक्ला ने श्रम आयुक्त, उत्तराखंड शासन के आदेशानुसार दैनिक वेतनभोगी ठेका मजदूरों एवं सुरक्षा कर्मियों को परिवर्तनीय महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का लाभ शीघ्र दिए जाने की मांग उठाई। साथ ही 1 अक्टूबर 2024 से 31 मार्च 2025 तक के एरियर भुगतान को भी जल्द सुनिश्चित करने की बात कही।
बैठक में वर्ष 2003 से पूर्व कार्यरत ठेका कर्मचारियों को विश्वविद्यालय कर्मचारी का दर्जा देने, सभी कर्मचारियों के लिए गोल्डन कार्ड सुविधा लागू करने तथा रिसर्च सेंटरों में कार्यरत ठेका कर्मियों को पूर्ण 26 कार्य दिवस उपलब्ध कराने समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, वैज्ञानिक, कर्मचारी, श्रमिक एवं ठेका मजदूर संस्थान की रीढ़ हैं। उनके हितों की रक्षा और समस्याओं का समयबद्ध समाधान विश्वविद्यालय प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस पर कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप ने आश्वासन दिया कि विश्वविद्यालय प्रशासन शिक्षकों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर और संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि बैठक में उठाए गए सभी विषयों का नियमानुसार परीक्षण कर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय परिवार के प्रत्येक सदस्य का योगदान संस्थान की प्रगति में महत्वपूर्ण है तथा सभी के सहयोग और समन्वय से विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

Posted inKichha News