पंतनगर स्थित अंबेडकर पार्क में संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा स्थापना की दिशा में कार्य तेज हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुरूप पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कार्यदायी संस्था कुमाऊँ मंडल विकास निगम के अवर अभियंता अजय सिंह के साथ अंबेडकर पार्क पहुंचकर प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया और प्रतिमा स्थापना के लिए स्थान का चिन्हीकरण किया।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने बताया कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह समिति, पंतनगर द्वारा लंबे समय से प्रतिमा स्थापना की मांग की जा रही थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किच्छा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इस मांग को स्वीकृति प्रदान करते हुए कार्य के लिए कुमाऊँ मंडल विकास निगम को 50 लाख रुपये की धनराशि भी जारी की है।
राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सामाजिक समरसता, महापुरुषों के सम्मान और जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रतीक हैं। उनकी आदमकद प्रतिमा नई पीढ़ी को उनके विचारों और संघर्षों से प्रेरणा देगी।
उन्होंने बताया कि कार्यदायी संस्था द्वारा शीघ्र ही पार्क के सौंदर्यीकरण और प्रतिमा स्थापना का कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जिससे अंबेडकर पार्क पंतनगर एक प्रेरणादायी एवं भव्य स्थल के रूप में विकसित होगा।
इस दौरान पंतनगर इंदिरा कॉलोनी के स्थानीय नागरिकों ने पूर्व विधायक को अवगत कराया कि पिछले चार दिनों से क्षेत्र का विद्युत ट्रांसफार्मर फुंक जाने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित है। भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए राजेश शुक्ला ने मौके पर ही विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता से दूरभाष पर वार्ता कर आज शाम तक ट्रांसफार्मर बदलने अथवा नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान समिति अध्यक्ष रामाशीष, मंडल अध्यक्ष पिंकी डिमरी, युवा मोर्चा अध्यक्ष अलकेश सिंह, सर्वेश रॉय, महेंद्र बाल्मीकि, सचिन शर्मा, रवि कुमार, कमल ठटोला, सुधीर यादव, पवन दूबे, आशीष ढांढ़ा, डी.के. सिंह, कमलेश्वर दूबे, रजनीश पांडे, धर्म सिंह यादव, राहुल कुमार, सुमित कुमार, उदय कुमार सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Posted inKichha News