लालपुर। नगर पंचायत लालपुर कार्यालय में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उत्तराखंड सरकार द्वारा नामित तीनों सभासद—शिव प्रकाश तिवारी, अमनदीप कौर और जग्गू सिंह—ने विधिवत पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला मौजूद रहे, जिन्होंने नियमानुसार तीनों नामित सभासदों को शपथ दिलाई। समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष बलविंदर कौर, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि उत्तराखंड सरकार नगर निकायों को अधिक सशक्त, जवाबदेह और जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नामित सभासदों की नियुक्ति का उद्देश्य विकास कार्यों में तेजी लाना, जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना तथा प्रत्येक वार्ड के समग्र विकास में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाना है। उन्होंने नव-नामित सभासदों से जनसेवा की भावना के साथ पारदर्शिता, ईमानदारी और समर्पणपूर्वक कार्य करने का आह्वान किया।
राजेश शुक्ला ने विश्वास व्यक्त किया कि तीनों सभासद नगर पंचायत अध्यक्ष एवं अन्य निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लालपुर के विकास को नई गति देंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।
नगर पंचायत अध्यक्ष बलविंदर कौर ने नव-नामित सभासदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके जुड़ने से नगर पंचायत की विकास योजनाओं को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि मिलकर स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था सहित जनकल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाएंगे, ताकि नगर के समग्र विकास को नई दिशा मिल सके।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने तीनों नव-नामित सभासदों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि जितेंद्र गौतम, अधिशासी अधिकारी गीता चंद्रा, सभासद लखविंदर सिंह, रोहित कुमार कश्यप, रजनी यादव, अमृत पाल सिंह, राज गगनेजा, चंदा तिवारी, उत्तम तिवारी, उज्जवल तिवारी, मुकेश रावत, राणा प्रताप सिंह, धर्मेंद्र तिवारी तथा मंडल अध्यक्ष मयंक तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Posted inKichha News