श्रमिकों के कल्याण और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है धामी सरकार: राजेश शुक्ला

श्रमिकों के कल्याण और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है धामी सरकार: राजेश शुक्ला

किच्छा। श्रम विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम और उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के सदस्य त्रिलोक नेगी ने पंजीकृत श्रमिकों एवं उनके परिवारों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत पोषण, शिक्षण और स्वच्छता किट वितरित कीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि श्रमिक प्रदेश के विकास की रीढ़ हैं। निर्माण, उद्योग, कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में श्रमिकों का योगदान उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था और विकास को गति देता है। ऐसे में श्रमिकों और उनके परिवारों के सम्मान, सुरक्षा तथा सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार श्रमिक हितों को प्राथमिकता दे रही है। भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से पंजीकृत श्रमिकों को पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार का उद्देश्य योजनाएं बनाने के साथ-साथ उनका लाभ वास्तविक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना है।

राजेश शुक्ला ने कहा कि पोषण किट श्रमिक परिवारों की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक होगी, जबकि शिक्षण किट बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। महिलाओं के लिए स्वच्छता किट का वितरण भी परिवारों के स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र श्रमिक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और पात्र परिवारों तक पहुंचाने के प्रयास जारी रहेंगे।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए श्रमिकों से अपना पंजीकरण एवं आवश्यक दस्तावेज पूरे रखने तथा पात्र योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

कर्मकार बोर्ड के सदस्य त्रिलोक नेगी ने कहा कि बोर्ड का उद्देश्य पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को जरूरत के अनुसार अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। पोषण, शिक्षा और स्वच्छता किट का वितरण श्रमिक परिवारों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बोर्ड की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम ने कहा कि श्रमिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा, पोषण और महिलाओं की स्वच्छता जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किट वितरण सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि श्रमिक परिवारों को मजबूत बनाना समाज और प्रदेश के विकास को मजबूत करना है। पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में जनप्रतिनिधि हरसंभव सहयोग करेंगे।

कार्यक्रम में श्रम विभाग के अधिकारियों ने श्रमिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया। श्रमिकों एवं उनके परिवारों ने सरकार की पहल का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर श्रम कल्याण अधिकारी तन्मय पंत, राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य नितिन वाल्मीकि, पूर्व सांसद प्रतिनिधि धर्मराज जायसवाल, सतीश गुप्ता, राकेश गुप्ता, मंडल महामंत्री मुकेश कोली, ग्रामीण मंडल महामंत्री जितेंद्र गौतम, प्रकाश पंत, विनोद कोली, अमरनाथ कश्यप, जितेंद्र गुप्ता, अंकित तिवारी, मूलचंद राठौर, कुलदीप बग्गा, रितिक कश्यप, सोनल कुशवाह, चंदन जायसवाल, कुसुम गंगवार, मीना शर्मा सहित श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पंजीकृत श्रमिक एवं उनके परिवारजन मौजूद रहे।