किच्छा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को लगातार नई गति मिल रही है। इसी क्रम में किच्छा विधानसभा क्षेत्र के लालपुर नगला मार्ग से आनंदपुर अंबेडकर कॉलोनी तक सड़क निर्माण के लिए ₹85.49 लाख की धनराशि स्वीकृत एवं अवमुक्त किए जाने पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
खटीमा स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में शिष्टाचार भेंट के दौरान पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनता से किए गए प्रत्येक वादे को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिसका प्रत्यक्ष प्रमाण किच्छा क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्य हैं।
शुक्ला ने बताया कि 4 दिसंबर 2025 को रुद्रपुर में आयोजित जनसभा के दौरान उनके अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने लालपुर नगला मार्ग से आनंदपुर अंबेडकर कॉलोनी तक सड़क निर्माण की घोषणा की थी। अब उस घोषणा को मूर्त रूप देते हुए सरकार ने इस परियोजना के लिए ₹85.49 लाख की धनराशि स्वीकृत कर दी है। सड़क निर्माण से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
पूर्व विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का किच्छा विधानसभा क्षेत्र से विशेष आत्मीय जुड़ाव है। यही कारण है कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र को अनेक महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है। उन्होंने एम्स जैसी महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य परियोजना के निर्माण कार्य को इसका प्रमुख उदाहरण बताते हुए विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किच्छा आने वाले वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
राजेश शुक्ला ने समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार “विकल्प रहित संकल्प” की भावना के साथ अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
