चीनी मिल कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल

चीनी मिल कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल

देहरादून। उत्तराखंड की विभिन्न चीनी मिलों में कार्यरत कर्मचारियों की वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। इस दौरान कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सितारगंज विधायक सौरभ बहुगुणा, किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, बाजपुर से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राजेश कुमार तथा जसपुर के पूर्व विधायक शैलेंद्र मोहन सिंघल शामिल रहे।

बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से चीनी मिल कर्मचारियों के वेतन में की जा रही लगभग 38 से 45 प्रतिशत तक की कटौती का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि वेतन कटौती के कारण हजारों कर्मचारियों और उनके परिवारों पर आर्थिक संकट गहरा गया है। ऐसे में कर्मचारियों के हितों की रक्षा करते हुए सरकार को शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि प्रदेश की चीनी मिलों के कर्मचारी वर्षों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में उनके वेतन और सेवा संबंधी समस्याओं का न्यायोचित समाधान सरकार की प्राथमिकता होना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से कर्मचारियों के हित में जल्द प्रभावी कदम उठाने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जो वित्त एवं श्रम विभाग का दायित्व भी संभाल रहे हैं, ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशील और सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।

बैठक के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हित में शीघ्र ही ठोस एवं सकारात्मक निर्णय लेगी।