किच्छा में अरोड़ा इंडस्ट्रीज के तीन गोदामों में भीषण आग, लाखों का चावल और वरदाना जलकर राख

किच्छा में अरोड़ा इंडस्ट्रीज के तीन गोदामों में भीषण आग, लाखों का चावल और वरदाना जलकर राख

किच्छा। किच्छा स्थित राइस मिलर एसोसिएशन के महामंत्री साहिल अरोरा की अरोड़ा इंडस्ट्रीज में शनिवार देर रात अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से तीन गोदामों में रखा लाखों रुपये मूल्य का चावल और वरदाना जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही पूर्व विधायक राजेश शुक्ला मौके पर पहुंचे, नुकसान का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
इंडस्ट्री स्वामी साहिल अरोरा ने बताया कि शनिवार रात करीब 12 बजे मिल परिसर के एक गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया। ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना दी। जब तक वह मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और तीन गोदाम इसकी चपेट में आ चुके थे। उन्होंने बताया कि आग से लगभग 20 लाख रुपये मूल्य का चावल एवं वरदाना पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद रविवार सुबह करीब 4:30 बजे आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि आग से हुआ नुकसान किसी भी उद्योग के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा नियमानुसार पीड़ित परिवार को हरसंभव राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में वह पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और हर स्तर पर सहयोग के लिए सदैव तैयार रहेंगे।
इस दौरान संदीप अरोड़ा, किशन नारंग, सौरभ अरोड़ा, दीपक पाठक, लक्ष्मण खुगगर, अंकुर पपनेजा, सुमित अरोड़ा, गौरव अरोड़ा और सतीश अरोड़ा सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।