मुख्यमंत्री धामी की घोषणाओं पर अमल, किच्छा को मिले लगभग ₹1 करोड़ KichhaNews | Rajesh Shukla

मुख्यमंत्री धामी की घोषणाओं पर अमल, किच्छा को मिले लगभग ₹1 करोड़ KichhaNews | Rajesh Shukla

किच्छा के विकास को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रतिबद्धता एक बार फिर धरातल पर नजर आई है। मुख्यमंत्री के किच्छा दौरे के दौरान की गई दो महत्वपूर्ण घोषणाओं को अमलीजामा पहनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने लगभग एक करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है। इसकी जानकारी पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने बताया कि 13 अक्टूबर 2024 को किच्छा में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह के अवसर पर, उनकी मांग पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा दो अहम घोषणाएं की गई थीं। पहली घोषणा के अंतर्गत किच्छा के पुरानी टैक्सी स्टैंड पर भारत-पाक विभाजन की त्रासदी झेलने वाले विभाजन विभीषिका सेनानियों की स्मृति में भव्य सेनानी स्मारक के निर्माण का निर्णय लिया गया था। वहीं दूसरी घोषणा के तहत पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर पार्क में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा स्थापित किए जाने की घोषणा की गई थी।

पूर्व विधायक शुक्ला ने जानकारी दी कि घोषणा संख्या 636/2024 के अंतर्गत पुरानी टैक्सी स्टैंड पर विभाजन विभीषिका सेनानी स्मारक निर्माण के लिए ₹51 लाख 51 हजार तथा घोषणा संख्या 635/2024 के अंतर्गत अंबेडकर पार्क में बाबा साहब की आदमकद प्रतिमा की स्थापना हेतु ₹45 लाख 88 हजार की धनराशि संस्कृति विभाग द्वारा कार्यदायी संस्था को अवमुक्त कर दी गई है।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धामी सरकार जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के लिए बजट जारी किया जाना यह दर्शाता है कि प्रदेश सरकार विकास के प्रति गंभीर और संवेदनशील है।

राजेश शुक्ला ने कहा कि इन दोनों परियोजनाओं के पूर्ण होने से किच्छा की ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही आने वाली पीढ़ियों को देश के इतिहास, बलिदान और महान विभूतियों के योगदान से प्रेरणा प्राप्त होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में किच्छा सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और जनआकांक्षाओं के अनुरूप योजनाएं लगातार जमीन पर उतरती रहेंगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *