किच्छा की चार सड़कों के लिए ₹2.18 करोड़ मंजूर, राजेश शुक्ला ने सीएम धामी का जताया आभार

किच्छा की चार सड़कों के लिए ₹2.18 करोड़ मंजूर, राजेश शुक्ला ने सीएम धामी का जताया आभार

किच्छा। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा मुख्यमंत्री घोषणा एवं राज्य योजना के तहत किच्छा विधानसभा क्षेत्र की चार महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण के लिए ₹2 करोड़ 18 लाख 73 हजार की धनराशि लोक निर्माण विभाग को जारी किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में राजेश शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य पारदर्शिता, संवेदनशीलता और बिना किसी भेदभाव के निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे किच्छा विधानसभा क्षेत्र को लगातार लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि स्वीकृत धनराशि के अंतर्गत लालपुर नगला मार्ग से अंबेडकर कॉलोनी आनंदपुर तक 1200 मीटर सड़क निर्माण के लिए ₹85.49 लाख, हाईवे से भंगा तक 1.5 किलोमीटर सड़क के नवीनीकरण के लिए ₹55.16 लाख, प्रतापपुर से प्रतापपुर कॉलोनी तक 1.325 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए ₹37.59 लाख तथा कनकपुर शक्ति मंडल में घर से अनिल सिंह के घर तक 600 मीटर सड़क निर्माण के लिए ₹40.49 लाख की मंजूरी दी गई है।
राजेश शुक्ला ने कहा कि किच्छा विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए शासन स्तर पर निरंतर पैरवी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सहयोग से क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुनः आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विकासोन्मुख नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है और किच्छा विधानसभा क्षेत्र की जनता को भी इसका लाभ मिल रहा है।