किच्छा में मिनी स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया शुरू, आधुनिक खेल सुविधाओं से लैस होगा परिसर

किच्छा में मिनी स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया शुरू, आधुनिक खेल सुविधाओं से लैस होगा परिसर

किच्छा। किच्छा में बहुप्रतीक्षित मिनी स्टेडियम निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। सोमवार को जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (वीसी) जय किशन ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के साथ इंदिरा गांधी खेल मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्तावित मिनी स्टेडियम के निर्माण को लेकर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की।
बताया गया कि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर किच्छा में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मिनी स्टेडियम के निर्माण की मांग रखी थी। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद जिला विकास प्राधिकरण ने निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान वीसी जय किशन ने बताया कि प्रस्तावित मिनी स्टेडियम में क्रिकेट पिच, बास्केटबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, ओपन जिम सहित विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि स्थल का निरीक्षण पूरा कर लिया गया है तथा शीघ्र ही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और लागत का एस्टीमेट तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि किच्छा विधानसभा क्षेत्र की जनहित से जुड़ी मांगों पर लगातार सकारात्मक निर्णय लिए जा रहे हैं। उनके अनुसार मिनी स्टेडियम बनने से क्षेत्र के खिलाड़ियों और युवाओं को स्थानीय स्तर पर आधुनिक खेल सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनकी प्रतिभा को निखारने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा मिलने से युवाओं में अनुशासन, स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच का विकास होगा तथा क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, खेल और आधारभूत संरचना सहित सभी क्षेत्रों में विकास कार्य कर रही है और किच्छा का मिनी स्टेडियम इसी विकासवादी सोच का हिस्सा है।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान गोल्डी गोराया, मनमोहन सक्सेना, पूरन भट, महेंद्र पाल, नितिन फुटेला, विजय अरोड़ा, अंशुल गंगवार, नवल किशोर, नंदराम प्रजापति, संदीप अरोड़ा, धर्मराज जायसवाल, चंदन जायसवाल सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।