किच्छा पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने किच्छा नगर में वरिष्ठ भाजपा नेता संदीप खन्ना के प्रतिष्ठान पर कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026–27 का लाइव प्रसारण देखा। इस अवसर पर उन्होंने बजट की सराहना करते हुए इसे देश के समग्र, संतुलित और दूरदर्शी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

राजेश शुक्ला ने कहा कि यह बजट आर्थिक प्रगति को गति देने के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए नए अवसर सृजित करता है और ‘सबका साथ–सबका विकास’ के संकल्प को और मजबूत करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को विकासोन्मुखी एवं समावेशी बजट प्रस्तुत करने के लिए बधाई दी।

पूर्व विधायक ने कहा कि बजट में किसानों, महिलाओं, युवाओं, वंचित वर्गों, छोटे उद्यमियों और मध्यम वर्ग की जरूरतों को प्राथमिकता दी गई है। रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, पर्यटन, उद्योग और बुनियादी ढांचे के लिए किए गए प्रावधान देश के साथ-साथ उत्तराखण्ड के विकास को भी नई दिशा देंगे, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड और जम्मू-कश्मीर में पर्यावरण-अनुकूल माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना से पर्वतीय राज्यों में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था सशक्त होगी। साथ ही उत्तराखण्ड के लिए पर्यटन, कृषि, पशुपालन, उच्च मूल्य कृषि और एमएसएमई सेक्टर पर दिया गया विशेष जोर ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों के विकास में अहम भूमिका निभाएगा।
राजेश शुक्ला ने कहा कि बजट में पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल तकनीक और बायोफार्मा क्षेत्र में किए गए निवेश से देश और प्रदेश दोनों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट भारत की आर्थिक मजबूती के साथ-साथ उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्यों को भी विकास की मुख्यधारा में समान अवसर प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोराया, लता सिंह, नितिन वाल्मीकि, ठाकुर संजीव सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
