किच्छा। वार्ड संख्या-16 में 10 वर्षीय बालक की करंट लगने से हुई दर्दनाक मौत के बाद विद्युत सुरक्षा को लेकर बड़ी पहल सामने आई है। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के प्रयासों से वार्ड की आबादी के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की नेकेड (खुली) विद्युत लाइन को अब कवर कंडक्टर (इंसुलेटेड वायर) से बदला जाएगा। इस कार्य के लिए केंद्र पोषित योजना के तहत लगभग 35 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है।
गौरतलब है कि बीते शनिवार वार्ड-16 में करंट की चपेट में आने से 10 वर्षीय बालक राज की मौत हो गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक राजेश शुक्ला पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए मौके से ही विद्युत विभाग के अधिकारियों से बात कर घटना पर नाराजगी जताई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में सोमवार को पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने किच्छा विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता संजय तिवारी के साथ बैठक कर वार्ड-16 की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से आबादी के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की खुली लाइन को प्राथमिकता के आधार पर इंसुलेटेड कवर कंडक्टर से बदलने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका समाप्त हो सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
राजेश शुक्ला ने कहा कि किसी मासूम बच्चे की असमय मृत्यु पूरे समाज के लिए अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती और संवेदनशील क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित बनाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक के दौरान अधिशासी अभियंता संजय तिवारी ने बताया कि वार्ड-16 के घनी आबादी वाले क्षेत्र से लगभग तीन से चार किलोमीटर लंबी 11 हजार वोल्ट की नेकेड लाइन गुजर रही है। यह लाइन उस समय बिछाई गई थी, जब क्षेत्र में आबादी कम थी, लेकिन समय के साथ लाइन के आसपास बड़ी संख्या में मकानों का निर्माण होने से सुरक्षा जोखिम बढ़ गया है।
उन्होंने बताया कि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के लगातार प्रयासों और समन्वय से इस परियोजना के लिए केंद्र पोषित योजना के अंतर्गत करीब 35 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। विभागीय औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं और जल्द ही नेकेड लाइन को इंसुलेटेड कवर कंडक्टर से बदलने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
राजेश शुक्ला ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्य पूरा होने के बाद वार्ड-16 के हजारों लोगों को सुरक्षित विद्युत व्यवस्था का लाभ मिलेगा और लंबे समय से बनी यह गंभीर समस्या स्थायी रूप से समाप्त हो सकेगी।

Posted inKichha News