किच्छा में लखपति दीदी सम्मेलन आयोजित, 20 महिलाओं का सम्मान कर बढ़ाया आत्मनिर्भरता का हौसला

किच्छा में लखपति दीदी सम्मेलन आयोजित, 20 महिलाओं का सम्मान कर बढ़ाया आत्मनिर्भरता का हौसला

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा पूर्व विधायक आवास पर आयोजित ‘लखपति दीदी सम्मेलन एवं सम्मान समारोह’ में किच्छा नगर क्षेत्र की 20 महिलाओं को “लखपति दीदी” बनने पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्य अतिथि एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी ने कहा कि लखपति दीदी योजना का उद्देश्य केवल महिलाओं की आय बढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और समाज में नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए सक्षम बनाना है। उन्होंने कहा कि आज स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी करोड़ों महिलाएं अपने परिश्रम और कौशल के दम पर परिवार और समाज की आर्थिक स्थिति को मजबूत बना रही हैं।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला तथा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विनीता सक्सेना ने 20 लखपति दीदियों को सम्मानित किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए महिला मोर्चा की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उज्ज्वला योजना, जन-धन योजना, मुद्रा योजना, नमो ड्रोन दीदी योजना और स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने जैसी योजनाओं से लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति हमेशा से परिश्रमी और संघर्षशील रही है। अब आवश्यकता है कि महिलाओं को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण, विपणन और वित्तीय सहायता से जोड़कर और अधिक सशक्त बनाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार अधिक से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है।
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विनीता सक्सेना ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सशक्त मातृशक्ति ही सशक्त उत्तराखंड और सशक्त भारत का आधार है।
कार्यक्रम में शशि शुक्ला, तरुण दत्ता, विजय लक्ष्मी चौहान, पूनम जोशी, संध्या झा, शैल शुक्ला, जानकी तिवारी, प्रीति धीर, प्रेमलता चौहान, गोल्डी गोराया, कविता मान, रेनू यादव सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा पदाधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री मधु गुप्ता ने किया।