किच्छा। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के नियमित प्रातःकालीन जनसंपर्क अभियान के दौरान मानवता और जनसेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला। प्रतापपुर कॉलोनी में क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनते समय लगभग 70 वर्षीय वृद्ध महिला रामवती पत्नी श्रीकृष्ण कुमार ने अपनी गंभीर स्वास्थ्य समस्या उनके समक्ष रखी।
वृद्ध महिला ने बताया कि वह लंबे समय से चलने-फिरने में असमर्थ हैं और अचानक तबीयत अधिक खराब होने के कारण उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे मजदूरी के लिए बाहर गए हुए हैं और घर पर केवल उनके बुजुर्ग पति मौजूद हैं, जिससे उन्हें अस्पताल ले जाने वाला कोई नहीं है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए स्वयं वृद्ध महिला को अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उन्होंने चिकित्साधीक्षक डॉ. मनोज तिवारी से संपर्क कर महिला की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी दी। इसके बाद चिकित्सकों ने तत्काल उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार शुरू किया और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
इस अवसर पर राजेश शुक्ला ने कहा कि जनसेवा ही उनके जीवन का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति स्वयं को अकेला न समझे। बुजुर्गों, जरूरतमंदों और असहाय लोगों की सहायता करना समाज का नैतिक दायित्व है और वह सदैव जनता के सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहेंगे।

Posted inKichha News