किच्छा। उत्तराखंड सरकार द्वारा विभिन्न आयोगों, परिषदों एवं बोर्डों में किच्छा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को सदस्य के रूप में मनोनीत किए जाने पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने खुशी व्यक्त करते हुए अपने आवास पर सभी नवनियुक्त सदस्यों का स्वागत एवं सम्मान किया।
प्रदेश सरकार ने उत्तराखंड संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद में नारायण पाठक, परंपरागत शिल्प उन्नयन संस्थान में महेंद्र वाल्मीकि, उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में नितिन वाल्मीकि, गोरखा कल्याण परिषद में वीर बहादुर थापा, माटी कला बोर्ड में हीरा प्रजापति तथा उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग में फरहा खान को सदस्य मनोनीत किया है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने सभी नवनियुक्त सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग को प्रतिनिधित्व देने और उनके हितों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न आयोगों और परिषदों में क्षेत्र के समर्पित कार्यकर्ताओं को दायित्व मिलना किच्छा के लिए गौरव का विषय है। इससे सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद मिलेगी।
शुक्ला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र के कर्मठ एवं समाजसेवी कार्यकर्ताओं पर विश्वास जताकर उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। यह सम्मान न केवल संबंधित कार्यकर्ताओं के लिए बल्कि पूरे संगठन के लिए प्रेरणादायक है।
नवनियुक्त सदस्यों ने भी पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ किया जाएगा तथा समाज और प्रदेश के विकास में सक्रिय योगदान दिया जाएगा।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोराया, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मयंक तिवारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Posted inKichha News