किच्छा, 15 अगस्त। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के किच्छा स्थित आवास पर राष्ट्रभक्ति एवं उत्साह के माहौल में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं क्षेत्रवासियों ने सहभागिता की।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया, जिसके बाद उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान और ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इस दौरान भारत माता के जयघोष से वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया।
राजेश शुक्ला ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि उन स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि आज का स्वतंत्र भारत लाखों वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। आत्मनिर्भरता, विकास, तकनीक, सुरक्षा और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना सभी का कर्तव्य है।
पूर्व विधायक ने कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों से जाति, क्षेत्र और भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए और समाज में राष्ट्रप्रेम, भाईचारे एवं सेवा की भावना को मजबूत करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में राजेश शुक्ला ने सभी कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की प्रगति, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उपस्थित लोगों ने भी राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोराया, मनमोहन सक्सेना, संदीप अरोड़ा, मुकेश कोली, जितेंद्र गौतम, मयंक तिवारी, कविता मान, शशि शुक्ला, पिंकी डिमरी, दया दसीला, मधु गुप्ता, करुणा तिवारी, संध्या जहां, सैयद इफ्तार मियां, विशाल गुप्ता, केतन कालरा, राकेश गुप्ता, देवेंद्र शर्मा, पूरन भट, प्रकाश पंत, हरीश गंगवार, चंदन जायसवाल, विपिन जोशी, इमरान अहमद, प्रवीण सेन, धनीराम, मूलचंद राठौर, कुलदीप बग्गा, भोपाल सिंह रावत, शुभाशीष, राजकुमार, मुकेश, मिथुन मंडल, चेतन गंगवार, जीशान मलिक, गुड्डू मलिक, हारून मलिक, इमरान कुरेशी, सुजाता यार खान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Posted inKichha News