किच्छा, ऊधम सिंह नगर: किच्छा चीनी मिल क्षेत्र के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। मिल प्रबंधन ने गन्ना किसानों के बकाया भुगतान की दिशा में कदम बढ़ाते हुए ₹10.02 करोड़ की नई किश्त जारी कर दी है। मिल के अधिशासी निदेशक (ED) एपी बाजपेयी ने बताया कि यह भुगतान 15 जनवरी 2026 तक खरीदे गए गन्ने के एवज में किया गया है। वर्तमान पेराई सत्र अपनी पूरी क्षमता के साथ चल रहा है और अब तक मिल कुल 26.32 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई का लक्ष्य पूरा कर चुकी है।
दूसरी ओर, मिल परिसर के भीतर बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। पिछले दिनों मिल यार्ड में गन्ना अनलोडिंग के दौरान क्रेन ऑपरेटरों और किसानों के बीच तीखी झड़प और धक्का-मुक्की की घटना सामने आई थी। किसानों ने ऑपरेटरों पर पक्षपात और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए थे। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मिल प्रबंधन ने एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी का गठन किया है। बाजपेयी ने स्पष्ट किया कि अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
