किच्छा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किच्छा नगर मंडल ने आवास विकास में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोराया ने दीप प्रज्वलन और अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
राजेश शुक्ला ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की महान नारी शक्तियों में से एक हैं, जिन्होंने सुशासन, धर्म, और सेवा के क्षेत्र में अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। 18वीं शताब्दी में, जब महिलाओं की सार्वजनिक भूमिका सीमित थी, उन्होंने मालवा की राजधानी इंदौर से शासन कर अपनी दूरदर्शिता, न्यायप्रियता और धार्मिक कार्यों से देश को नई दिशा दी। उनके द्वारा काशी, गया, अयोध्या, द्वारका, बद्रीनाथ, रामेश्वरम, सोमनाथ, और हरिद्वार जैसे तीर्थस्थलों पर मंदिर, घाट, धर्मशालाएं और कुएं बनवाए गए। विशेष रूप से काशी विश्वनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण उनके संरक्षण में हुआ। सत्ता उनके लिए जनसेवा, धर्मरक्षा और संस्कृति संरक्षण का माध्यम थी। वे सादगी, अनुशासन और धर्मनिष्ठा की प्रतीक थीं, जिन्होंने इंदौर को समृद्ध करने के साथ-साथ देश में सांस्कृतिक जागृति लाई।

मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोराया ने अहिल्याबाई के जीवन को वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि उनका त्याग, सेवा भाव और राष्ट्र-धर्म के प्रति समर्पण हम सभी के लिए मार्गदर्शक है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता ठाकुर संजीव सिंह, मंडल महामंत्री मुकेश कोली, सुरेंद्र चौधरी, राजकुमार कालरा, श्याम सुंदर बिष्ट, ओम तनेजा, प्रकाश पंत, कविता मान, मधु गुप्ता, सुनीता गंगवार, प्रकाश अरोड़ा, देवेंद्र शर्मा, मलकीत सिंह, निखिल दीक्षित, संदीप गोयल, विनोद कोली, राजकुमार कोली, रमन कोली, महेंद्र गुप्ता, अमरनाथ कश्यप, केतन कालरा, चंदन जायसवाल सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी, महिलाएं और युवा उपस्थित रहे। सभी ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।