किच्छा न्यूज़: गन्ना किसानों के लिए बड़ा ऐलान, उत्तराखंड सरकार ने रचा इतिहास

किच्छा न्यूज़: गन्ना किसानों के लिए बड़ा ऐलान, उत्तराखंड सरकार ने रचा इतिहास

किच्छा उत्तराखंड के गन्ना किसानों को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2025–26 के लिए गन्ना मूल्य में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की घोषणा की है। नई दरों के अनुसार अगेती प्रजाति का मूल्य ₹405 प्रति कुंतल और सामान्य प्रजाति का मूल्य ₹395 प्रति कुंतल तय किया गया है, जो उत्तर प्रदेश से ₹30 अधिक है। यह फैसला किसानों के हित में रिकॉर्ड साबित हो रहा है।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने अपने आवास पर प्रेस वार्ता कर मुख्यमंत्री धामी का गन्ना किसानों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों की मेहनत, लागत और हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अभूतपूर्व निर्णय लिया है। यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसानों की आय दोगुनी करने के संकल्प को वास्तविक आधार देता है।

पूर्व विधायक शुक्ला ने बताया कि ठीक एक सप्ताह पहले, 25 नवंबर को हरिद्वार से पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक आदेश चौहान और स्वयं शुक्ला के नेतृत्व में एक तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मिलकर गन्ना मूल्य बढ़ाने का अनुरोध किया था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में यह बड़ा और संवेदनशील फैसला लिया।

उन्होंने कहा कि जो जनप्रतिनिधि खेतों में जाकर किसानों की मेहनत और संघर्ष को समझता है, वही उनके हित में ऐतिहासिक निर्णय ले सकता है—और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह सिद्ध किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार किसान कल्याण के लिए दृढ़ संकल्प के साथ काम कर रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि जहाँ उत्तर प्रदेश सरकार ने इस वर्ष अगेती गन्ना मूल्य ₹375 और सामान्य ₹365 प्रति कुंतल तय किया है, वहीं उत्तराखंड द्वारा क्रमशः ₹405 और ₹395 प्रति कुंतल घोषित किया जाना किसानों के लिए एक अभूतपूर्व सौगात है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *